Call: 01666-238106 Call: 01666-238109
Working Hours: 9:00AM - 5:00PM
Email us: [email protected]

Visit of Engineering Girls in Women Police Station

महिला पुलिस थानों में यौन हिंसा, दहेज, घरेलू हिंसा की दर्ज करा सकते हैं शिकायत : ढींडसा

सिरसा 30 मार्च 2024: जेसीडीएम कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग की महिला सेल द्वारा महिला पुलिस स्टेशन, सिरसा का दौरा आयोजित किया गया। जेसीडी विद्यापीठ के महानिदेशक एवं अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त वैज्ञानिक प्रोफेसर डॉक्टर कुलदीप सिंह ढींडसा ने कहा कि पुलिस को मीडिया और शैक्षणिक संस्थानों में महिलाओं के लिये पुलिस में अवसरों के बारे में जागरूकता फैलानी चाहिये। पुलिस में महिलाओं को अपने पुरुष समकक्षों के साथ प्रत्येक प्रकार से समानता बनाए रखने के लिये आवश्यक प्रशिक्षण, समर्थन और विश्वास प्राप्त करना चाहिये। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस का मूल कर्तव्य कानून व्यवस्था व लोक व्यवस्था को स्थापित रखना तथा अपराध नियंत्रण व निवारण तथा जनता से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण करना है । समाज के समस्त वर्गो में सद्भाव कायम रखने हेतु आवश्यक प्रबन्ध करना, महत्वपूर्ण व्यक्तियों व संस्थानों की सुरक्षा करना तथा समस्त व्यक्तियों के जान व माल की सुरक्षा करना है।

डॉक्टर ढींडसा ने महिला थाना की भूमिकाएं और जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि महिला थाने पर किसी भी महिला फरियादी के आने पर महिला डेस्क के अधिकारी द्वारा सुना जाना चाहिए और जैसी समस्या होगी उसके निदान हेतु महिला डेस्क पर पदस्थापित स्टाफ यथोचित कार्यवाही करेगा और महिला डेस्क की यह ड्यूटी होगी कि थाने पर आने वाली महिला की सबसे पहले सुनवाई करेगी । उन्होंने कहा कि महिला पुलिस थानों में यौन हिंसा, दहेज के लिए अत्याचार, घरेलू हिंसा आदि की शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।

प्राचार्य डॉ दिनेश कुमार ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य महिला पुलिस स्टेशन की कार्यप्रणाली के बारे में जागरूकता फैलाना और किसी भी आपात स्थिति में मदद मांगने में झिझक से बचना था। इस अवसर पर, सिरसा की सहायक पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग ने संस्थान की महिला स्टाफ सदस्यों और छात्रों के साथ बातचीत की और उन्हें उपयोगी जानकारी साझा की। विद्यार्थियों ने अपने प्रश्न पूछे और उनका समाधान भी पाया। घनश्याम देवी, एस.एच.ओ. ने छात्रों को अपने फोन पर 112 इंडिया ऐप इंस्टॉल करने और इसका उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। कांस्टेबल गीता रानी ने 112 इंडिया ऐप की कार्यप्रणाली और आपातकालीन स्थिति में इसके उपयोग के बारे में बताया। वीना रानी, प्रभारी महिला सेल एवं जनार्दन तिवारी, एचओडी सिविल की देखरेख में लगभग 30 छात्रों और स्टाफ सदस्यों ने दौरा किया।